उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुल में बुधवार शाम एकतरफा प्यार में एक युवक ने घर में घुसकर युवती को गोली मार दी। बाद में मौके से भागते समय उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। युवती को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
गांव मिश्रीपुर निवासी युवती शाम को घर में अकेली थी। उसके पिता छोटी बेटी के साथ बाजार गए थे और मां मजदूरी पर बर्तन मांजने गई थी। इसी बीच थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहरजई निवासी धीरज कुमार (22) पुत्र रामआसरे शर्मा हाथ में पिस्टल लेकर घर में घुसा और चारपाई पर लेटी युवती के सीने पर पिस्टल रखकर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही वह बचने के लिए बाहर की तरफ भागी तो उसने दूसरी गोली दाग दी जो उसके पेट में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर मकान के दूसरे हिस्से में रह रही युवती की चाची आ गई और उसने शोर मचाते हुए युवक को पकड़ने की कोशिश की तो वह घर से बाहर भागा। तब तक अन्य लोग भी जुट गए। खुद को घिरता देख उसने अपनी कनपटी से पिस्टल सटाकर गोली मार ली जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर यूपी 100 गाड़ी पहुंची। पीछे से एसएसआई इफ्तेखार अहमद भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस वारदात में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल व खोखे मौके से बरामद किए हैं। युवती को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। एसपी केबी सिंह, सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव भी पहुंच गए।