साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद 28 अगस्त को जेल में सजा सुनाई जाएगी। इसके लिए रोहतक की सुनारिया जेल में सीबीआई की अस्थाई कोर्ट बनाई जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन के पास चंडीगढ़ से पत्र पहुंच गया है। सीबीआई कोर्ट के जज जगदीप सिंह रोहतक जेल में आकर ही सजा सुनाएंगे। इसके लिए जेल में कोर्ट रूम बनाने का काम शुरू हो गया है।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सीबीआई कोर्ट को एक दिन के लिए रोहतक भेजने का फैसला पंचकूला में डेरा समर्थकों की ओर से की गई आगजनी और तोड़फोड़ के बाद लिया है। राम रहीम को सुनारिया जेल में रखा गया है। हाईकोर्ट ने यहां अस्थायी तौर पर सीबीआई अदालत लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि पंचकूला में स्थिति तनावपूर्ण होने के चलते सीबीआई अदालत से सुनारिया जेल में वीडियो कांफ्रेंसिंग से सजा सुनाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- कोर्ट से जेल तक गुरमीत राम रहीम के साथ दिखी वो महिला आखिर कौन थी?
शनिवार को चीफ जस्टिस और अन्य जजों ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया कि सीबीआई अदालत को पंचकूला से रोहतक की सुनारिया जेल में शिफ्ट किया जाए। नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध करने के आदेश दे दिए गए हैं। डेरा मुखी को सजा सुनाने वाले न्यायिक अधिकारी को उनके स्टाफ के दो सदस्यों सहित हवाई मार्ग से पंचकूला से सुनारिया जेल ले जाए जाने के लिए निर्देश दे दिए हैं।
गृह मंत्रालय से अर्ध सैनिक बलों की 10 कंपनी और मांगी गई हैं। यह रविवार तक पहुंच जाएंगी। इसके साथ ही सेना को स्टैंड बाय पर रखा गया है।
इस मामले में रोहतक के एसपी पंकज नैन का कहना है कि, जेल की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त फोर्स तैनात कर दी गई है। जेल के चारों तरफ नाकेबंदी की गई है। फैसले वाले दिन अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया जाएगा।