महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं के बीच अब पुरुषों की दाढ़ी भी कटने के मामले सामने आने लगे हैं। अब तक दाढ़ी कटने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ताजा मामला रामपुर से सामने आया है। मिलक में फार्म हाउस पर किसान की दाढ़ी कटने का शोर मच गया। कोतवाली क्षेत्र के चिचौली गांव निवासी सरदार जोगेंद्र सिंह सुबह करीब आठ बजे अपने फार्म हाउस पर बाहर पेड़ के नीचे लेटे हुए थे।
अचानक सिर में भारीपन लगा तो वह अपने कमरे में चले गए। जोगेंद्र ने बताया कि उसे लगा कि सिर पर वजन बढ़ रहा है और उनकी दाढ़ी कटकर हाथ में आ गई। तब वह बिल्ली कहकर चीख पड़े। परिवार वाले दौड़े, लेकिन वहां कोई नहीं था। इसे लेकर जोगेंद्र सिंह असमंजस में हैं।
वह देर शाम तक अपने फार्म हाउस पर जंगल में ही हैं और उनका सिर अभी तक भारी है। परिजनों का कहना है कि कल जोगेंद्र सिंह ने कहा था कि उनके साथ ऐसा नहीं होगा। संयोग वश शनिवार की सुबह अचानक यह सब हो गया। उनके फार्म हाउस पर लोगों का तांता लगा है।
इससे पहले भी मेवात जिले के फिरोजपुर झिरका खंड़ के गांव हिरवाड़ी में 20 वर्षीय युवक की जुल्फ कटने का मामला सामने आया है। जुल्फ कटने के बाद वह बेहोश हो गया।नूरद्दीन ने बताया कि वह अपने ही घर के प्रथम मंजिल पर बने कमरे में शर्ट लेने गया। कमरे में उसे बिल्ली आती दिखाई दी। जिसके बाद वो बेहोश हो गया और उसके बाल कट गए।
अलीगढ़ में चोटी कटने की घटना को लेकर शुक्रवार को अफरातफरी का माहौल रहा इगलास में एक बुजुर्ग की दाढ़ी कटने से वह बेहोश हो गए। गहलऊ में चोटी काटने वाले के शक में ग्रामीणों ने युवक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।