उत्तर प्रदेश में गोरखपुर में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र सिंह ने बड़हलगंज के रहने वाले डॉक्टर संजय कुमार समेत चार डॉक्टरों से 70 लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। रुपये न मिलने पर उसने जान से मारने की धमकी दी है। डॉक्टर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर उनके घर के साथ ही नर्सिंग होम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बड़हलगंज पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
बड़हलगंज में रहने वाले डॉक्टर संजय कुमार कस्बे में रामधनी मेमोरियल हास्पिटल चलाते हैं। 10 मई की सुबह 10:48 बजे उनके पास मोबाइल नंबर 917041**24 से फोन आया। कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ से बात करने वाले युवक ने अपना नाम धर्मेंद्र सिंह बताया।
खुद के आजमगढ़ में होने की जानकारी देते हुए डॉक्टर से उसने 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी। रुपये न मिलने और घटना की शिकायत पुलिस से करने पर शातिर ने जान से मारने की धमकी दे डाली। डॉक्टर संजय ने मामले की जानकारी पुलिस के अधिकारियों को देने के साथ ही बड़हलगंज थाने पहुंच तहरीर दी।
डॉ. संजय के अलावा बदमाश धर्मेंद्र ने बड़हलगंज में ही नर्सिंगहोम चलाने वाले डॉ. आब्दी से 20 लाख, सरकारी डॉ. शिवमुनी से 10 लाख और घोषी मऊ के डॉ. एच एन पटेल से भी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। डॉ. पटेल ने घोसी में मुकदमा दर्ज कराया है।
धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने का केस दर्ज करने के साथ ही बड़हलगंज पुलिस ने डॉक्टर के संजय के घर और नर्सिंग होम की सुरक्षा में सिपाहियों की ड्यूटी लगाई है। धमकी मिलने के बाद से डॉक्टर का परिवार सहमा हुआ है।