मंडप में सात फेरों की तैयारी चल रही थी। अचानक कुछ ऐसे हुआ कि दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घटना उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की है। मंडप के दौरान दूल्हे को अचानक मिर्गी के दौरे आना इस कदर भारी पड़ गया कि दुल्हन ने शादी से ही इंकार कर दिया। अचानक शादी की खुशियां काफूर हो गईं।
बात इस कदर बिगड़ी कि मसला थाने तक पहुंच गया। जहां इलाके के लोगों ने मध्यस्थता कर सुलहनामे की कोशिश की। मगर बात न बनने पर यहां रजामंदी हो गई कि दोनों पक्ष एक दूसरे का सामान वापस करेंगे।
पढ़ें:- मंडप में पहुंचा दूल्हा तो रंग देख दुल्हन ने किया शादी से इनकार
इसके बाद सामान वापसी की औपचारिकताएं पूरी हुईं और बिना दुल्हन के ही बारात को वापस जाना पड़ा। इसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। गोंडा इलाके की युवती का रिश्ता महानगर के शिवपुरी रघुवीरपुरी इलाके के युवक से तय हुआ था।
तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार रात देहली गेट के घुड़ियाबाग स्थित नंदन अभिनंदन गेस्ट हाउस में शादी समारोह चल रहा था। सब कुछ ठीकठाक था। बाकायदा बारात चढ़त के बाद लोगों ने दावत खाई और जयमाला का कार्यक्रम भी हुआ।