अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में मंगलवार रात को बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने मारपीट कर महिला के साथ लूटपाट की। इसके बाद बदमाश हैवानियत पर उतर आए। महिला को घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गए। जहां उन्होंने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद महिला को कमरे में बंदकर बाहर से कुंडी लगाकर धमकी देते हुए भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहले तो घटना को छुपाने का प्रयास किया। लेकिन, विधायक के मौके पर पहुंचने के बाद पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटना की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- दिनदहाड़े हुए लूट और हत्याकांड का खुलासा
नगर के एक मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अपने दो बच्चों के साथ रहती है। एक फैक्ट्री में काम कर जीवन यापन करती है। महिला का घर जंगल की तरफ बना हुआ है और एक तरफ से दीवार भी नहीं है। रोजाना की तरह महिला मंगलवार रात को भी बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थी। पीड़िता के मुताबिक करीब 12 बजे तीन बदमाश घर में आ धमके। पहले तो कमरे के दरवाजे को खुलवाने का प्रयास किया।
दरवाजा नहीं खोला, तो लात मारकर उसे तोड़ने का प्रयास किया। बदमाशों के डर के चलते महिला ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद बदमाश मारपीटकर लूटपाट करने लगे। महिला के कुंडल निकलवा लिए। इसके बाद संदूक में रखे अन्य आभूषण और करीब पांच हजार की नगदी लूट ली। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश महिला को घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गए और तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। रात करीब दो बजे तक बदमाश महिला के साथ हैवानियत करते रहे। इसके बाद बदमाश महिला को कमरे में बंदकर बाहर से कुंडी लगाकर धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहले तो पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया। लेकिन, जब विधायक राजीव तरारा मौके पर पहुंचे तो, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना कर मोहल्ले के कई लोगों से पूछताछ की।
करीब दो घंटे तक करते रहे हैवानियत
बदमाश करीब दो घंटे तक महिला के साथ हैवानियत करते रहे। करीब 12 बजे बदमाश घर में दाखिल हुए थे। इसके बाद बीस मिनट तक लूटपाट की। महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो एक बदमाश ने उसके मुंह पर कपड़ा रख बंद कर दिया।
विधायक ने पीड़िता को दिया इंसाफ का भरोसा
घटना की जानकारी होते ही विधायक राजीत तरारा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़िता को इंसाफ का भरोसा दिलाया। उनके कहा बदमाशों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी संतोष कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान एसपी ने मोहल्ले के कई लोगों से पूछताछ भी की। एसपी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करेगी। किसी भी हाल में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।