फेसबुक पर विदेशी युवती से दोस्ती कर मैसेज-मैसेज खेलने वाले यूजर्स के लिए ये खबर सबक बन सकती है। फेसबुक पर दोस्ती कर बदमाशों ने कैंसर की दवा खरीदकर मोटे मुनाफे पर बिकवाने का झांसा देकर दिल्ली के एक कारोबारी से 1.35 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
गैंग के बदमाश पीड़ित से तीन करोड़ रुपये की ठगी करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन समय रहते कारोबारी बदमाशों की चाल को समझ गया। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा से की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने पीड़ित अरुण कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अरुण कुमार परिवार के साथ 124, सत्य निकेतन, नई दिल्ली में रहता है। इनका अपना कारोबार है। 15 मई 2017 को अरुण को क्रिस्टीना मोर्गन नामक महिला ने फेसबुक पर फ्रेंडशिप रिक्वेस्ट भेजी। अरुण ने दोस्ती कबूल करते हुए क्रिस्टीना से चेटिंग व व्हाट्सऐप पर बात शुरू हुई।
क्रिस्टीना ने खुद को नोर्सटेगन सीड (कैंसर की दवा बनाने की दवा में इस्तेमाल बीज) का डीलर बताया। आरोपी ने महिला ने अरुण को बताया कि अगर वह सीड का एक पाउच 750 पाउंड में खरीदता है तो वह इसे रिचमंड नेलसन नामक शख्स को 2500 पाउंड में बेचकर मोटा मुनाफा कमा सकता है।
अरुण महिला के झांसे में आ गया, उसने 200 पाउच के बदले 1.20 करोड़ रुपये देकर दवा मंगवा ली। इधर रिचमंड नेलसन ने अरुण से दवा खरीदने से इंकार कर दिया। उसने अरुण से कहा कि वह पूरे 500 पाउच दवा खरीदे तभी वह उससे दवा खरीदेगा।
रिचमंड ने दुबारा क्रिस्टीना से सपर्क करने के लिए कहा। इधर बातचीत के दौरान करीब 50 साल का नाइजीरियन नागरिक अरुण से मिला। अरुण ने उसे 15 लाख रुपये और दिए। नाइजीरियन ने जल्दी 1.60 करोड़ रुपये का इंतजाम करने को कहा। इधर अरुण को कुछ शक हुआ। उसने मामले की पड़ताल की तो पता चला कि उसे ठगा गया है।