मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर में बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे दो पक्षों के बीच खेत की मेड को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी आमीन पक्ष ने खेत मे आधा दर्जन लोगों के साथ हथियारों के साथ कमरुल पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया है।
दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग से भगदड़ मच गई। घटना में कमरुल (32) पुत्र नूर इस्लाम, मुजस्सिम (37) पुत्र माजिद के सिर में गोली लगने से मौत हो गई वहीं मृतक पक्ष के कदीम, फहीम, रफीक, सदरूल और जावेद घायल हो गए।
दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसएसपी मंजिल सैनी, एसपी देहात राजेश कुमार कई थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे।
सभी घायलों को पुलिस ने मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती कराया। सिर में गोली लगे से 3 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि पांचों घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से आनंद अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मृतक पक्ष से अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन के विवाद में दोनों पक्षों में एक दिन पहले बुधवार को विवाद शुरू हुआ था। जिसके बाद दोनों में मामला निपट लिया था। वहीं गुरुवार को आरोपी पक्ष ने पूरी प्लानिंग से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिसबल तैनात है।