औरैया के अयाना थाना क्षेत्र में ग्यारह दिन पहले ग्राम चंदनापुर की युवती व अयाना कस्बे का एक युवक लापता हो गए थे। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के पिता से पूछताछ की थी। शुक्रवार को युवक-युवती के शव जीआरपी पुलिस ने लखनऊ में रेलवे ट्रैक पर बरामद किए हैं। युवक के पिता ने युवती के परिजनों पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
अयाना कस्बा निवासी बलवान सिंह के पुत्र सौरभ सिंह उर्फ मंजीत व ग्राम चंदनापुर निवासी राजेंद्र दोहरे की पुत्री अनामिका बीती 25 जुलाई से लापता थे। युवती के पिता राजेंद्र सिंह दोहरे ने अजीतमल पुलिस को सौरभ के खिलाफ उनकी पुत्री को ले जाने की तहरीर दी थी। पुलिस ने सौरभ के पिता बलवान सिंह से पांच दिन तक थाने में बुलाकर पूछताछ की थी।
बाद में पुलिस ने बलवान सिंह को दस दिन में लड़की को लाकर सौंपने की चेतावनी पर छोड़ दिया था। शुक्रवार को युवक-युवती के शव लखनऊ जीआरपी पुलिस ने रेलवे ट्रैक से बरामद किए हैं। इसके बाद बलवान सिंह ने अनामिका के घर वालों पर दोनों की हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों में चर्चा है कि सौरभ बीती 24 जुलाई को चंदनापुर अपनी बहन के यहां गया था। 25 जुलाई को सौरभ की बहन के चचिया ससुर की लड़की अनामिका को लेकर देवकली मंदिर जाने के बहाने चले गए थे। इधर, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जीआरपी की ओर से उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है।