झारखंड में कक्षा 8वीं की एक छात्रा का करीब दो दिनों तक गैंगरेप किया गया है। घटना गुमला जिले की है, जहां तीन सिरफिरों ने जंगल ले जाकर नाबालिग लड़की को अपना शिकार बनाया। घटना उस वक्त सामने आई है, जब राज्य के गर्वनर ने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा गंभीरता से उठाया था।
पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसे 31 मार्च को बाइक पर अगवा किया था। इसके बाद वे वहां से उसे पास के जंगल ले गए और वहां उसका रेप करने लगे। दो दिनों के बाद वे उसे गांव में वापस छोड़ गए और धमकी दी कि अगर उसने मुंह खोला तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा।
पीड़िता करीब 13 दिनों तक इस खौफनाक सच को मन में छुपाए बैठी थी, लेकिन उसे ये बात अंदर ही अंदर खाए जा रही थी। हार कर उसने परिजनों को दर्दनाक आपबीती बयां की। परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव और जम्मू के कठुआ में हुई रेप वारदातों ने महिलाओं की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्नाव मामला इसलिए तूल पकड़ चुका है, क्योंकि इसमें सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक का नाम उछला है।