अभिनेत्री जिया खान केस में नया मोड़ आता दिख रहा है। हत्या के आरोपों को जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को बाम्बे हाईकोर्ट को बताया कि उनकी टीम ने इस केस की हर तरह से पड़ताल कर चुकी है। जांच में पाया गया है कि जिया खान की हत्या नहीं हुई बल्कि उसने आत्महत्या की थी।
सीबीआई के अधिकारी ने इसके पक्ष में दलील देते कोर्ट को बताया कि इस केस में आरोपी सूरज पंचोली को बचाने के लिए उनके पास कोई कारण नहीं है।
इस पर दो जजों की बेंच ने कहा कि जिया खान की मां राबिया खान की ओर से दायर की गई याचिका की सुनवाई के बाद इस केस में फैसला लिया जाएगा। जिया खान की मां ने एक याचिका दायर कर केस को सीबीआई की जगह एसआईटी को सौंपने की गुहार लगाई थी।
राबिया खान ने अदालत को बताया था कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है। मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 23 अगस्त का समय तय किया है।