सीबीआई ने त्रिची हवाई अड्डे पर स्मगलरों के एक गिरोह का पर्दाफाश कर 19 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें तस्करों से मिलीभगत के आरोप में सहायक आयुक्त समेत छह कस्टम अधिकारी पकड़े गए हैं।
सीबीआई को पता चला कि सिंगापुर से आने वाले कुछ यात्री रविवार को अपने साथ प्रतिबंधित सामान लेकर आए थे जिन्हें कस्टम अधिकारियों ने बिना जांचे क्लियरेंस दे दी थी।
जांच एजेंसी ने औचक तलाशी अभियान चलाते हुए कस्टम के सहायक आयुक्त एसएम वेंकटेसुलू, अधीक्षकों कलुगसालामूर्ति और एस रामाकृष्ण, इंस्पेक्टर एस अनीस फातिमा और प्रशांत गौतम तथा फ्रेडी एडवर्स को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए 13 अन्य लोगों में श्रीलंका के पासपोर्ट पर आए दो यात्री भी थे। जांच एजेंसी को सूचना मिली थी कि त्रिची अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात कस्टम अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और तस्करों से रिश्वत लेकर सिगरेट पैकेट, सोना, रिसीवर, शराब की बोतलें आदि जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं को क्लियरेंस देते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सिंगापुर से देर रात एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान से लगभग 70 यात्री आए थे। कस्टम अधिकारियों ने उनमें से 20 यात्रियों को क्लियरेंस दे दी थी। लेकिन डीएसपी के नेतृत्व में सीबीआई की 11 सदस्यीय टीम ने उन्हें रोका और फिर से उनकी जांच के आदेश दिए। इस जांच में कई यात्रियों के पास से सोना जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद हुईं। सीबीआई टीम ने तीन कस्टम अधिकारियों से पूछताछ के बाद दूसरे दिन भी 70 यात्रियों की जांच की।
सीबीआई को लगातार खबरें मिल रही थीं कि इस एयरपोर्ट से सोना, कछुओं और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी हो रही है। इसके बाद ही जांच एजेंसी ने यह तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों ने बताया कि एयरपोर्ट से पिछले तीन महीने के दौरान करोड़ों रुपये का सोना जब्त किया गया है। हालांकि जांच अधिकारियों को आशंका है कि तस्करों के साथ कस्टम और आव्रजन अधिकारियों की मिलीभगत के कारण बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी हुई होगी।