बरेली के संजयनगर में घर के बाहर से अगवा छह साल की मासूम की दरिंदगी के बाद गला घोटकर हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका शव घर से करीब सौ मीटर दूर मिला। बच्ची के नाजुक अंग समेत शरीर पर कई जगह चोटों के निशान हैं। पुलिस को शक है कि आसपास के ही किसी व्यक्ति ने मासूम की हत्या की है। पुलिस दर्जन भर से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
संजयनगर निवासी एक ड्राइवर की छह वर्षीय बेटी मंगलवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रही थी। उसकी मां छत पर कपड़े उतारने गई थी। इसी बीच बिजली चली गई। पांच मिनट बाद ही मां छत से उतर आई। उसने बच्ची को दरवाजे पर न पाकर आसपास के घरों में तलाशा, लेकिन कोई पता नहीं चला। शाम करीब सात बजे बारादरी थाने में बच्ची के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
रात दो बजे तक पुलिस व परिजनों ने पूरा मोहल्ला खंगाल डाला, लेकिन बच्ची नहीं मिली। सुबह करीब पांच बजे बच्ची की दादी, पिता और मां उसे फिर खोजने निकले तो घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर ईंटों के ढेर के पास बच्ची का शव पड़ा मिला।
सूचना पर एसएसपी मुनिराज जी. समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। उसके साथ दरिंदगी की कोशिश भी की गई थी।