हल्द्वानी। चौफला चौराहे पर पूर्व प्रेमिका को धमकाने गए प्रेमी को कुछ लोगों ने मंगलवार शाम पीट दिया। प्रेमिका की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी टैक्सी चालक आकाश यादव (27) मंगलवार शाम अपनी पूर्व प्रेमिका को चौफला चौराहे पर धमकी दे रहा था। युवती के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने आकाश को पीट दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी काठगोदाम मौके पर पहुंचे। पूर्व प्रेमिका ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसने उसके कमरे में घुसकर तेजाब फेंकने की धमकी दी और विरोध करने पर उसने पीट दिया। इस मामले में पुलिस ने धारा 323, 452 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
चौकी प्रभारी दान सिंह रावत ने बताया कि दोनों का जनवरी से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों तीन माह से लिव इन रिलेशनशिप में भी रहे। दोनों के बीच मनमुटाव होने पर युवती चौफला चौराहे के पास किराए का कमरा लेकर रहने लगी।
थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि आरोपी को अदालत में पुलिस ने पेश किया। अदालत के निर्देश पर उसे जेल भेजा गया है।
- तेजाब फेेंकने की धमकी देने का लगाया आरोप, जेल भेजा
- तीन माह लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद हुई अनबन