भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ 1.5 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उनसे ये ठगी कमला लैंडमार्क ग्रुप के बिल्डर्स ने की है। बिल्डरों ने अभिनेता से जुहू के एक फ्लैट के लिए पैसे लिए थे लेकिन न तो उन्हें फ्लैट मिला है और न ही उनके पैसे।
किशन ने कमला लैंडमार्क ग्रुप के डायरेक्टर जितेंद्र जैन के खिलाफ ईओडब्लू में शिकायत दर्ज कराई है। जितेंद्र जैन और केतन शाह इस ग्रुप के डायरेक्टर हैं। पुलिस ने किशन की शिकायत को एक अन्य शिकायतकर्ता की शिकायत के साथ मर्ज किया है। एक अन्य शिकायतकर्ता सुनील नैयर हैं, वह वर्सोवा स्थित वित्तीय सलाहकार हैं। जिनका कहना है कि उनके भी 6.5 करोड़ रूपये रियल एस्टेट कंपनी ने ठगे हैं। इसमें एक रिएलिटी फर्म भी शामिल है।
किशन से जुड़े सूत्र ने बताया कि वह पुलिस में शिकायत करा चुके हैं लेकिन मामले में कितना काम हुआ है, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं दूसरे शिकायतकर्ता नैयर ने जब बिल्डरों से फ्लैट के लिए कहा तो उनसे कहा गया कि उन्होंने किसी समस्या के कारण फ्लैट निर्माण का काम रोक दिया है।
नैयर को यह सुनकर आश्चर्य हुआ कि ये प्रोजेक्ट अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा प्रोपर्टी के निर्माण के काम के लिए जेवी प्रोपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड को साल 2012 में नियुक्त किया गया था। नैयर का कहना है कि उन्हें शक है कि बिल्डरों ने किसी अन्य हाउसिंग कंपनी के फ्लैट दिखाकर मकान खरीदने वालों से पैसे ठगे हैं।
कमला लैंडमार्क और उसकी कंपनियों के खिलाफ यह 24वीं एफआईआर है। इनपर 250 से अधिक लोगों से 300 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है।