दिल्ली के संगम विहार इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दुकानदार के बेटे पर एसिड अटैक से हड़कंप मच गया। आरोप है कि पनीर देने से मना करने पर बदमाशों ने दुकानदार के बेटे को जबरन एसिड पिला दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को एम्स में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित का नाम योगेश है और करीब 18 साल का है। दरअसल 24 जुलाई को योगेश अपने पिता की दुकान पर बैठा था। इस दौरान एक युवक दुकान पर आया और पनीर मांगने लगा। पीड़ित योगेश ने उससे कहा कि पनीर खत्म हो गया है। आरोपी इससे नाराज हो गया और फिर उसे धमकी देकर दुकान से चला गया।
अगले दिन आरोपी अने साथियों के साथ मिलकर दुकान पर पहुंचा और ये सभी लोग योगेश से विवाद करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने जबरन उसे तेजाब पिला दिया और फरार हो गए। आनन फानन में लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित योगेश अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है।
योगेश की मां ममता के अनुसार उनकी रतिया रोड पर दुकान है। यहां से कुछ दूरी रहने वाले ऐसे युवक रहते हैं जो दुकान से सामान लेने आते थे और रुपये नहीं देते थे। 24 जुलाई को भी एक युवक पनीर लेने आया था। पैसे नहीं देने की वजह से उसे पनीर देने से मना कर दिया था।
इस पर आरोपी दुकान में घुस गया और झगड़ा करने लगा। तब से आसपास के लोगों ने विवाद शांत करा दिया था। लेकिन अगले दिन आरोपी अपने साथियो ंके साथ दुकान पर आया और योगेश को जबरन एसिड पिला दिया।
वहीं पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ठीक से कार्रवाई नहीं कर रही है।