फरीदपुर के जेढ़ गांव में घर के आंगन में बिस्तर पर सो रहे एक परिवार के सात सदस्यों पर तेजाब हमला हुआ। तेजाब दो बोतल में था।
हमलावर ने गिलास से तेजाब छिड़क कर परिवार के सदस्यों को घायल करने की कोशिश की, जिसके बाद वह फरार हो गया। हमले में सिर्फ एक लड़के की अंगुली झुलसी है, जबकि बाकी सदस्यों के कपड़े जले। सभी हमले में बच गए है। सुबह तकिया, गद्दे और चादर सहित परिवार के सदस्यों के कपड़े झुलसे हुए मिले।
सनसनीखेज मामले में सीओ फरीदपुर जगमोहन बुटोला और थाने की पुलिस पहुंची। छानबीन के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया। परिवार ने रंजिश से इंकार किया है। जेढ़ गांव में पेशे से किसान श्रीपाल यादव अपनी पत्नी श्रीवती, बेटे सुधीर, जगपाल, अंचल, सुकेंद्र और पुष्पेंद्र घर के आंगन में चार चारपाई पर बिस्तर लगाकर सोए हुए थे। सुधीर की पत्नी मायके गई हुई है, जबकि अंदर के कमरे में एक 10 साल और दूसरी आठ साल की बेटी अपने चार साल के भाई के साथ सोई हुई थी।
अज्ञात के खिलाफ FIR
परिवार ने बताया कि करीब दो बजे के बाद हमलावर घर की दीवार को फांदकर अंदर आया होगा। मौके से बरामद दो तेजाब की बोतल और एक गिलास को देखकर लगता है कि हमलावर पूरी तैयारी से आया था। गिलास से तेजाब बिस्तर पर छिड़कने के बाद वह भाग गया। सुबह चार बजे दुधिया के आने पर परिवार को हमले का पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फरीदपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
इस मामले में सीओ फरीदपुर, जगमोहन बुटोला का कहना है कि, मामला संवेदनशील है। हमलावर की तलाश की जा रही है, लेकिन तेजाब के हमले में परिवार के किसी सदस्य का न झुलसना संदेह पैदा करता है। जांच में पूरी बात सामने आ जाएगी।