तेलंगाना से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां मकान मालिक ने अपना किराया वसूलने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उसने अपने बटे के साथ मिलकर किताबों की दुकान से 3.24 करोड़ रुपये कीमत की किताबें चुरा लीं। बताया जा रहा है कि मकान मालिक की उम्र 73 साल थी। और वह कैसे भी करके अपने एक साल का बकाया किराया लेना चाहता था।
पुलिस के मुताबिक मकान मालिक की पहचान पी नरसिम्हा रेड्डी के तौर पर हुई है। उसने अपने बेटे के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके बेटे और एक दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। दुकानदार पर आरोप है कि उसने चोरी की गई किताबें खरीदी थीं। इसके अलावा चोरी की गई किताबों को भी बरामद कर लिया गया है।
मामले पर पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत ने बताया कि आरोपी के किरायेदार पर उसका सात लाख रुपये का किराया बकाया हो गया था। किरायेदार को 50 हजार रुपये महीना किराया देना था। पिछले 14 महीने से उसने किराया नहीं दिया था। अपने घाटे की भरपाई के लिए आरोपी ने ये काम किया। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य आरोपी मोहम्मद रजियुद्दीन है। वह वही दुकानदार है जिसने चोरी की किताबों को 15 लाख रुपये में खरीदा और मुंबई के एक अन्य दुकानदार को बेच दिया।