बंगलूरू के 40 साल के शख्स पर संपत्ति विवाद में पिता की आंखे निकालने का कथित आरोप लगा है। आरोपी का नाम अभिषेक चेतन है और वह 65 साल के अपने पिता परमेश्वर की जेपी नगर स्थित संपत्ति को अपने नाम हस्तांतरित करवाना चाहता था। वहीं परमेश्वर अपनी संपत्ति को बेटी और अभिषेक के बीच आधी-आधी बांटना चाहता था। जिसपर आरोपी राजी नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि पिता और बेटे के बीच हुई बहस के बाद अभिषेक ने अपने हाथों से पिता की आंख निकाल ली। पिता को दर्द में कराहते हुए और उनकी आंख से खून निकलता देख वह मौके से फरार हो गया। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। परमेश्वर को अस्पताल में
भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर है लेकिन उसने अपनी एक आंख खो दी है।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक
ड्रग का आदी है और उसके पास कमाई का कोई ठोस जरिया नहीं है। परमेश्वर 6 साल पहले राज्य के अनुवाद विभाग से सेवानिवृत्त हो चुका है। दो महीने पहले ही उसकी पत्नी की मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि मां की मौत के बाद अभिषेक अपने पिता पर संपत्ति अपने नाम पर हस्तांतरित करने का दबाव डाल रहा है। दोनों की इस मामले पर कई बार लड़ाई हुई है। परमेश्वर के एक रिश्तेदार ने बताया कि अभिषेक ने ना केवल अपने पिता की आंख निकाली बल्कि उन्हें मारने की कोशिश भी की थी।