ब्रेल चुनाव पहचान पत्र, व्हील चेयर, मुफ्त यात्रा और चुनाव केंद्र पर रैंप, ये कुछ सुविधाएं हैं जो दिव्यांगों को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के मतदान वाले दिन उपलब्ध कराई जाएंगी।
दिव्यांग कल्याण विभाग के कमिश्नर ने बताया कि मतदान के दिन दिव्यांगों की मदद के लिए स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह देश में पहली बार है जब नेत्रहीन मतदाताओं के लिए ब्रेल मतदाता पहचान पत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक मुफ्त यात्रा और चुनाव केंद्र पर रैंप की सुविधा भी पहली बार उपलब्ध कराई जा रही है।
तेलंगाना के मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगों की सहूलियत के लिए मतदान केंद्र पर व्हील चेयर की भी सुविधा रहेगी और उनकी सहायता के लिए स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने मंगलवार को चुनाव की तैयारियों को लेकर संतोष जताया। ईवीएम मशीन की जांच के अलावा सभी जिलाधिकारियों और पुलिस टीम ने आचार संहिता की भी समीक्षा की।
आयोग ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस के अफसरों से तेलंगाना के इन चुनाव में आपसी सहयोग से काम कर नए कीर्तिमान स्थापित करने की अपील की। गौरतलब है कि प्रदेश में एक ही चरण में 7 दिसंबर को मतदान होना है। राज्य में कुल 5 लाख दिव्यांग हैं।