छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित स्काई अलॉयज एंड पावर प्राइवेट लि. के संयंत्र में रविवार को राख (fly ash) से भरा टैंक गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घटनास्थल राजधानी रायपुर से 240 किलोमीटर दूर स्थित है।
यह संयंत्र रायगढ़ जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर और राजधानी रायपुर से 240 किलोमीटर दूर है। खैरसिया पुलिस थाने के अधिकारी एसआर साहू ने बताया कि एक लोहे के टैंक में दोपहर करीब 12 बजे राख ले जाई जा रही थी। तभी वह संयंत्र में गैस कटिंग व वेल्डिंग से जुड़ा काम करने वाले श्रमिकों पर गिर गया। उसकी चपेट में आने से तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्हें समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में दो बिहार के
मृत श्रमिकों में से दो बिहार के हैं। उनकी पहचान मुनिया लाल राम, बसंत यादव के रूप में हुई। तीसरा मृतक यादराम सारथी रायगढ़ जिले का रहने वाला है। घायलों में से भी एक बिहार का रहने वाला है जबकि दूसरा जांजगिर चांपा का रहने वाला है।