नाबालिग से कथित रेप की शिकायत पर एक महिला ने 22 साल के आरोपी युवक को अपने जाल में फंसाकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके की है।
भोपाल के श्यामला हिल्स पुलिस स्टेशन के इंचार्ज बीपीएस बैंस ने बताया कि 14 वर्षीय पीड़िता कक्षा 9 की छात्रा है। दर्जी की दुकान चलाने वाला बच्ची का पड़ोसी समीर खान उसका पीछा करता था।
खान ने कथित तौर पर बच्ची को अपनी बाइक पर लिफ्ट ऑफर की, पहले तो उसने मना किया लेकिन बाद में जब खान ने जोर देकर कहा तो वह मान गई। कुछ दिन तक ये सब यूं ही चलता रहा।
पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई को खान पीड़िता को केरवा बांध के पास ले गया और एक सुनसान जगह पर और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी खान ने पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बुधवार को पीड़िता ने हिम्मत करके अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़िता की मां ने आरोपी समीर खान को पकड़ने का प्लान बनाया। अगले दिन जब पीड़िता ने खान से लिफ्ट ली तो वह उसे श्यामला हिल्स की एक सुनसान जगह पर ले गया और उसे छेड़छाड़ शुरू कर दी तभी पीड़िता की मां और उसकी बड़ी बहन खान की बाइक का पीछा करते हुए वहां पहुंची और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
इसके बाद उन्होंने 'डायल-100' पर पुलिस को सूचना दी। खान ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि खान के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ और बलात्कार की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।