पिछले हफ्ते भोपाल के हॉस्टल में रहने वाली 20 साल की मूक-बधिर लड़की ने निदेशक अश्विनी शर्मा पर बंधक बनाकर बलात्कार करने का और दो लड़कियों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। अब चौथी महिला सामने आई है और उसने निजी हॉस्टल के निदेशक पर खुद को बंधकर बनाकर रखने और लगातार 6 महीने तक बलात्कार करने का आरोप लगाया है।
केवल दो दिनों के अंदर अन्य दो महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई हैं। निदेशक शर्मा को बुधवार रात बहुत से आपराधिक आरोपों जिसमें बलात्कार, गलत तरीके से बंधक बनाने, धमकी देने और दलितों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली चौथी महिला ने बताया, 'मुझे बंधक बनाकर रखा गया,
एडल्ट फिल्में देखने पर मजबूर किया गया और 6 महीने तक बलात्कार हुआ।'
महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी की मांगों को पूरा करने से मना कर दिया तो उसका बर्बरता पूर्ण
यौन शोषण किया गया। धार जिले की 23 साल की महिला उन चार महिलाओं में से एक है जिन्हें कि शर्मा ने कथित तौर पर अलग घरों में रखा हुआ था। भोपाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने कहा, 'मैं इंदौर पुलिस के संपर्क में हूं और उन्हें एक केस दर्ज करने के लिए कहा है और केस को आगे की जांच के लिए भोपाल पुलिस के पास भेजने को कहा है।'
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अश्विनी शर्मा, बिहार के मुजफ्फरपुर के आरोपी ब्रजेश ठाकुर की तरह ही सत्ताधारी भाजपा का करीबी है। शुक्रवार को वीडियो जारी करते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता शोभा ओझा ने कहा, 'अश्विनी शर्मा राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ का कार्यकर्ता है और उसपर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आशीर्वाद है। वीडियो में शर्मा चौहान के पैर छूता हुआ नजर आ रहा है।' हालांकि भाजपा ने इन आरोपो को नकारा है।