अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2016 के पहले चरण की परीक्षा रविवार को 24 शहरों के 32 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 9वीं से 12वीं कक्षा तक के 37 हजार से अधिक विद्यार्थी छात्रवृत्ति पाने के लिए परीक्षा देंगे। कई सेंटरों पर जहां अधिक विद्यार्थी हैं, वहां पर सुबह और शाम को दो पालियों में परीक्षाएं होंगी। इस बार लिखित परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से ली जा रही है। दूसरे चरण में 20 नवंबर को 27 शहरों के 34 सेंटरों पर परीक्षा आयोजित होगी। एडमिट कार्ड ऑनलाइन पहले ही भेजे जा चुके हैं।
इन सेंटरों पर होगी परीक्षा
आगरा, इलाहाबाद, अमरोहा, आजमगढ़, बिजनौर, चंडीगढ़, फरीदाबाद, फीरोजाबाद, गोंडा, हल्द्वानी, जालंधर, जम्मू, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, रामपुर, रॉबर्ट गंज, सहारनपुर, उधमपुर, वाराणसी और सुल्तानपुर।
...तो स्कूल का फोटो पहचान पत्र लेकर जाएं
इस बार अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इस बार एडमिट कार्ड ई-मेल से भेजे गए हैं। विद्यार्थियों को इस बार परीक्षा केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुंचना होगा। एडमिट कार्ड में कोई भी दिक्कत हो तो घबराएं नहीं, अपने स्कूल का फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाएं और परीक्षा दें।
दृष्टिहीन लेकर आएं राइटर
जिन सेंटरों में दृष्टिहीन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फार्म भरे हैं, वे अपने साथ राइटर लेकर आएं। राइटर उनसे एक कक्षा नीचे का होना चाहिए। राइटर अपने स्कूल का पहचान पत्र साथ लेकर आएं।