आम आदमी पार्टी के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि अमरिंदर सिंह सरकार भ्रष्टाचार कर रहे नेताओं-अधिकारियों को बचा रही है। उसके अनेक मंत्री भ्रष्टाचार कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन पर कार्रवाई करने की बजाय उनका संरक्षण कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरिंदर सिंह घोटालों के कैप्टन बनकर रह गये हैं क्योंकि पंजाब की जनता की कमाई उनके संरक्षण में ही लूटी जा रही है, लेकिन वे कुछ भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
चीमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में इस समय राजनीतिक नाटक खेला जा रहा है। आरोपियों की लिस्ट केन्द्रीय इकाई को दिखाने और उनमें बदलाव करने का नाटक किया जा रहा है। अगर पंजाब सरकार वाकई कोई कदम उठाना चाहती है तो उसे आरोपी नेताओं-अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। केवल कार्रवाई करते रहने का दिखावा नहीं करना चाहिये।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह साबित हो चुका है कि अमरिन्दर सिंह को सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी की लालसा है। कैप्टन अमरिन्दर सिंह को न तो दलित विद्यार्थियों की पढ़ाई की कोई चिंता है और न ही किसी किसान-युवा की तकलीफ से उन्हें कोई परेशानी है। वे केवल अपनी कुर्सी सुरक्षित रखना चाहते हैं और इसके आलावा और किसी भी अन्य चीज पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार जल्द से जल्द बर्खास्त कर दी जानी चाहिए।