योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि 2000 का नोट हमारे देश की अर्थव्यवस्था के लिए ठीक नहीं है, इससे भ्रष्टाचार बढ़ेगा। यह ले जाने में आसान है और इससे अवैध लेन-देन को बढ़ावा मिलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
मध्यप्रदेश सरकार के नमामि नर्मदे सेवा यात्रा में शामिल होने आए बाबा रामदेव ने यह भी कहा है कि वह किसी एक पार्टी के समर्थक नहीं हैं। जो पार्टी अच्छा काम करेगी, वह उसका समर्थन करेंगे। चाहे फिर वह कांग्रेस हो या भाजपा। देश में कालेधन के खिलाफ प्रचार प्रसार करते रहे बाबा रामदेव ने सोमवार को यहां कहा कि वह 2000 के नोट को नापसंद करते हैं।
इसकी वजह से लोग छोटी मोटी खरीददारी नहीं कर पाते, क्योंकि दुकानदार के पास छुट्टे देने के लिए पैसे नहीं होते। लिहाजा यह नोट हर लिहाज से ठीक नहीं है।