मिजोरम सरकार ने राज्य के नए मुख्य चुनाव अधिकारी पद के लिए तीन आईएएस अधिकारियों के नाम भेजे हैं। चुनाव आयोग ने शनिवार को मौजूदा मुख्य चुनाव अधिकारी एस. बी. शशांक को बदलने की घोषणा करने के बाद राज्य सरकार से नए नाम भेजने के लिए कहा था।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से लालमिंगथांगा, ए. लालेंगमाविया और के. लालथावमाविया के नाम भेजे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि राज्य के दौरे पर आए उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन ने बताया कि नए मुख्य चुनाव अधिकारी को नियुक्त करने में दो से तीन दिनों तक का समय लगेगा।
जैन ने एस. बी. शशांक को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही एनजीओ कोआर्डिनेशन कमेटी को भी दो से तीन दिनों के भीतर नया मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का भरोसा दिया था।