मुंबई से सटे पालघर में दो साधुओं की नृसंश हत्या के मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संत गुरुवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिले और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। राजभवन में हुई इस मुलाकात में विहिप के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य संत महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद महाराज, स्वामी शंकरानंद महाराज और स्वामी सुखदेवानंद महाराज ने भीड़ द्वारा निरपराध संतों की हत्या को अमानवीय हत्या करार देते हुए आरोप लगाया कि वामपंथियों ने साधुओं की हत्या कराई।
बीते 16 अप्रैल को पालघर जिले के जिस गढ़चिंचले गांव में जूना अखाड़े के दोनों साधु महंत कल्पवृक्ष महाराज (70), सुशील महाराज (35) और ड्राइवर निलेश तेलगड़े (30) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उस गांव की सरपंच चित्रा चौधरी को जान से मारने की धमकी मिल रही है।
चित्रा ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। चित्रा का कहना है कि जिस दिन साधुओं पर हमला हुआ वह उन्हें बचाने का प्रयास कर रही ही थीं, लेकिन आसपास के गांव से जुटी भीड़ ने उन्हें ही मारने का प्रयास किया।
वह जान बचाकर घर आई। लेकिन भीड़ ने उनके घर पर भी पत्थरबाजी की। अब उन्हें और परिवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है। इसलिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।