अभिनेत्री कंगना रनौत के मुंबई पहुंचने के बाद उन पर हमले का खतरा बढ़ गया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों ने इस बाबत केंद्र सरकार को अवगत करा दिया है। इसमें चंडीगढ़ और मुंबई एयरपोर्ट से लेकर कई दूसरी जगहों का जिक्र किया गया है। कंगना के पास इस समय वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा है।
वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा वाले व्यक्ति को करीब 15 सुरक्षा कर्मी मिलते हैं। ये तीन शिफ्ट में ड्यूटी देते हैं। घर और दफ्तर पर भी सुरक्षा घेरा रहता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को आईबी या सीआरपीएफ से जब ऐसी रिपोर्ट मिलती है कि जिसमें कंगना की सुरक्षा को खतरा बताया गया है तो मंत्रालय उसका सुरक्षा घेरा अपडेट करने पर विचार कर सकता है। यानी उसे वाई प्लस से जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जा सकती है।
सूत्रों का कहना है कि यदि कोई राज्य वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा वाले व्यक्ति को स्थानीय स्तर पर सुरक्षा देने में आनाकानी करता है या लापरवाही बरतता है तो उस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय संबंधित राज्य से सहयोग देने का आग्रह कर सकता है। आईबी की रिपोर्ट पर संबंधित व्यक्ति का सुरक्षा घेरा बढ़ाया जा सकता है।