बच्चों को नैतिक शिक्षा देने वाली संस्था हेमा फाउंडेशन कोरोना संकट के चलते अब ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करेगी। इसके लिए फाउंडेशन की तरफ से नैतिक मूल्यों पर आधारित शैक्षणिक वेब पोर्टल ‘हेम वर्च्युज' लॉन्च किया गया है।
इसके माध्यम से जीवन मूल्यों पर आधारित 9 लघु फिल्मों तथा अन्य गतिविधियों से छात्रों को शिक्षा दी जाएगी। वेबसाइट पर एक अगस्त से शिक्षा सत्र की शुरुआत होगी। हेमा फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी महेंद्र काबरा ने बताया कि समाज में नैतिक मूल्यों को नई दिशा देने के लिए फाउंडेशन विगत पांच वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है।
संस्था द्वारा कक्षा एक से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक नैतिक मूल्यों पर आधारित शैक्षणिक पाठ्यक्रम तैयार कर प्रकाशित किया गए हैं। फाउंडेशन की ट्रस्टी व क्रिएटिव डायरेक्टर अनिता माहेश्वरी ने बताया कि केंद्र व राज्य स्तरीय शैक्षिक निकाय जैसे एनसीएफ, एनसीईआरटी, सीबीएसई सहित स्टेट बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कक्षा एक से कक्षा आठ तक प्रति वर्ष 48 विषयों पर शिक्षक मार्गदर्शिका का प्रकाशन किया जाता है।
फाउंडेशन के एसोसिएट डॉयरेक्टर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि जीवन मूल्यों से जुड़ी शिक्षा देश ही नहीं समूचे विश्व तक पहुंचें। इस उद्देश्य से 25 जून को हेमा फाउंडेशन द्वारा हेम वर्च्युज वेब पोर्ट लांच किया गया।
इसके अलावा अभिभावक व शिक्षकों के लिए 15 जुलाई से हर बुधवार एक वेबिनार आयोजित किया जा रहा है। जबकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र एक अगस्त से शुरू हो रहा है। यह कोर्स 30 जनवरी को पूरा हो सकेगा। फाउंडेशन के एसोसिएट डॉयरेक्टर तथा कार्यक्रम संयोजक संजय उपाध्याय कहा कि छात्र www.hemvirtues.com पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।