आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से टक्कर लेने के लिए तमाम विपक्षी दलों ने एक दूसरे का हाथ थाम लिया है। ऐसे में एकजुट विपक्ष महागठबंधन ने महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक साथ चुनावी अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। महाराष्ट्र में महागठबंधन की पहली रैली का आयोजन 20 मार्च को नांदेड़ में किया जाएगा। रैली को एनसीपी प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण संबोधित करेंगे।
उधर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी सोमवार शाम को शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस मुलाकात में महाराष्ट्र में दोनो पार्टियों के गठबंधन और राज्य में सीट बंटवारे पर बातचीत होगी। हालांकि पिछले साल जनवरी में ठाकरे ने आगामी चुनावों में अकेले ही लड़ने की बात की थी, मगर मुंबई में मुख्यमंत्री फडणवीस से हुई मुलाकात के बाद भाजपा और शिवसेना के साथ आने के सकारात्मक संकेत दिख रहे हैं।