भाजपा नेता शशांक भार्गव पर केस दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
बीती 27 अप्रैल को जिले में किसान द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और पूर्व विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार किसान गोविंद गुर्जर का शव 27 अप्रैल को पीपल वाली पुलिया के पास रेलवे ट्रैक के समीप मिला था। घटना से पहले किसान ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस वीडियो को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Indore News: अब परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर, जेल की दीवारों पर दौड़ेगा करंट, 18 करोड़ होंगे खर्च
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने विशेष जांच टीम का गठन किया। SIT की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शशांक भार्गव ने कथित तौर पर किसान पर मकान से जुड़े एक एग्रीमेंट के लिए दबाव बनाया और उसे आर्थिक रूप से परेशान किया, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर रविवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि शशांक भार्गव मार्च 2024 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।