विदिशा की कोतवाली पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार दो आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी राकेश अहिरवार और शरद गोस्वामी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सटीक सूचना देने पर यह इनाम राशि प्रदान करेगी। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान तथा नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें-
विदिशा दुष्कर्म केस: पुलिस पर सवाल उठने के बाद आरोपी गिरफ्तार, एनएचआरसी ने डीजीपी-गृह सचिव को थमाया नोटिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 नवंबर की रात रामलीला गेट के पास पीड़ित किशोरी की मुलाकात राकेश अहिरवार और उसके दोस्त शरद गोस्वामी से हुई थी। दोनों आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपनी स्कूटी पर बैठाकर डोलखेड़ी ले गए। वहां एक मकान में दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी राकेश और शरद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई और तलाश जारी
विदिशा में बाल दिवस के दिन तीन नाबालिगों से दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस प्रशासन ने दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस तीसरे मामले में दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। इस मामले की विस्तृत जांच कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद राज कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आरोपियों से संबंधित कोई भी जानकारी कोतवाली थाना प्रभारी या विदिशा पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। पुलिस दल दोनों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रहा है।