मुरैना में शादी समारोह में दनादन फायरिंग।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के चंबल इलाके में शादियों में दनादन फायरिंग के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी तमंचे पे डिस्को करते हुए बरातियों के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ताजा मामला चंबल संभाग के मुरैना जिले का है। यहां एक शादी समारोह के दौरान बारातियों का महिला डांसरों संग डांस करने और दनादन फायरिंग करने का एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में स्टेज पर कई बराती महिला डांसर के साथ डांस करते हुए बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में पहले एक बराती महिला डांसर के साथ स्टेज पर नाचता हुआ दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक बराती ताबड़तोड़ फायरिंग करता दिख रहा है, जिसके बाद स्टेज पर मौजूद कई बराती अपनी बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगते है। वहीं, पंडाल में बैठे बरातियों के द्वारा भी ताबड़तोड़ फायरिंग की जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अब पुलिस जानकारी जुटाने में लग गई है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो मुरैना जिले के चिंनोनी थानाी क्षेत्र के खिड़ोरा गांव का है। यहां शादी के लगन-फलदान समारोह में डांसर्स को बुलाया गया था, बराती महिला डांसर के साथ ठुमके लगाते हुए गोलियां बरसा रहे थे। वायरल वीडियो में मंच पर डांस कर रहीं युवतियों को घेरकर कुछ युवक बंदूक और कट्टों से ताबड़तोड़ फायरिग करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में मंच के सामने बैठे दर्जनों लोगों में हर्ष फायरिंग के नाम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने की होड़ मची हुई है। भीड़ के बीच अंधाधुंध हवाई फायर हो रही है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
बता दें इससे पहले बीते दिनों 12 अप्रैल को छतरपुर में एक चौक समारोह में कुछ युवकों ने महिला डांसर्स के साथ नाचते हुए हवाई फायरिंग की थी। वहीं 8 अप्रैल को शिवपुरी में बर्थडे में हर्ष फायरिंग के दौरान एक बच्चे की आंख में गोली का छर्रा लगने का मामला सामने आया था।