उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र में इन दिनों गुनहगारों के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं। वे खुलेआम अवैध कामों को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिले की एक कबाड़ की दुकान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, पाली नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 5 में एनएच 43 के किनारे स्थित एक कबाड़ की दुकान पर आरोप है कि यहां अवैध तरीके से चोरी का सामान खपाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि चोर चोरी का माल इस कबाड़ की दुकान पर लाकर बेच रहे हैं। इस प्रकार चोरी के सामान को कबाड़ की आड़ में बड़े शातिर अंदाज में बेचा जाता है, और लोगों को इसकी भनक भी नहीं लगती।
इस मामले पर उमरिया जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है। इस पर कार्रवाई की जाएगी। कबाड़ की दुकान पर चोरी का माल खपाने के आरोप ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल हाईवे 43 के किनारे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों का संचालित होना गंभीर चिंता का विषय है। देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और किस तरह से कार्रवाई की जाती है।