सगरा तालाब में चलाया स्वच्छता अभियान
- फोटो : अमर उजाला
विश्व सफाई दिवस व स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह के निर्देशन पर जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया के द्वारा बिरसिंहपुर पाली विकासखंड के ऐतिहासिक सगरा तालाब में स्वच्छता अभियान आयोजित कर तालाब को स्वच्छ व सुंदर बनाने का प्रयास किया गया।
युवाओं ने तालाब के घाटों से पॉलीथिन प्लास्टिक कूड़ा इकट्ठा कर तालाब को स्वच्छ बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत तालाब के किनारे अत्यधिक मात्रा में पड़ी हुई पॉलीथीन व प्लास्टिक को हटाया गया। पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी ने बताया कि तालाब के तीनों घाटों में आमजन के द्वारा फूल मालाओं व पूजन सामग्री का विसर्जन किया जाता है, लेकिन जिन पॉलीथीन के बैग में रखकर ये सामग्री लाई जाती है। उन बैग को भी वहीं किनारे फेंक दिया जाता है। इन घाटों को पॉलीथीन व प्लास्टिक मुक्त करने का प्रयास किया गया।
आमजन को प्लास्टिक व पॉलीथीन उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। खुशी सेन ने बताया कि हमारे द्वारा अनावश्यक सामग्री को तालाब या पानी के स्त्रोत में फेंकने से जल तो प्रदूषित होता ही है साथ ही पानी में रहने वाले जीव जंतुओं पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है वे इस प्रदूषण से मर भी जाते है। पूरा इकोसिस्टम खराब हो जाता है। स्वच्छता अभियान के दौरान पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी, खुशी सेन, मुस्कान महोबिया, साक्षी रैदास, लष्मी महोबिया, पृथ्वीराज रैदास, संयोष महतेल व सभी उपस्थित रहे।