उज्जैन में हफ्ता वसूली करने वालों को पुलिस ने पकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
जिस तरह उज्जैन में अपराध हो रहे हैं, पुलिस भी स्मार्टनेस दिखाते हुए इन मामलों को सुलझाने में लगी है। गुरुवार सुबह केडी गेट क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। छह से अधिक युवक एक दुकान संचालक की बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे थे। यह पूरा मामला हफ्तावसूली का था, जिसमें हफ्ता मांग रहे युवकों ने दुकान संचालक को हफ्ता न देने पर जान से मारने की धमकी थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 327, 294, 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया था। कुछ घंटे में ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि केडी गेट के समीप पान की दुकान संचालित करने वाले राजकुमार पिता कैलाशचंद्र राणावत, उम्र 32 साल, के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में तुरंत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटनास्थल की तस्दीक के लिए उन्हें केडी गेट भी ले जाया गया। उन्हें कुछ ऐसा सबक सिखाया गया कि उन्होंने अपराध करना पाप है जैसी बात कही है। इस घटना से जुड़े सभी आरोपी गिरफ्त में आ चुके हैं। अभी इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दो आरोपी जूना सोमवारिया, एक तराना का निकला
पुलिस ने इस हफ्ता वसूली के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। एक नाबालिग की पहचान गोपनीय रखी गई है। शानू उर्फ शाहनवाज निवासी जूना सोमवारिया, समीर पिता फ़ज्जू खान निवासी तराना, सादिक पिता शहजाद खान निवासी जूना सोमवारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी निकाली जा रही है।
वायरल वीडियो से मचा था बवाल
गुरुवार सुबह इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जमकर बवाल मचा था। यह घटना जिस स्थान पर घटित हुई उससे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का निवास महज कुछ मिनट की दूरी पर है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।