थाने से चंद कदमों की दूरी पर रंगदारी
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में गुरुवार रात आठ बजे महाकाल थाना क्षेत्र भारत माता मंदिर के बाहर बनी हार फूल की दुकानों के बाहर कुछ लोग दुकानदारों को धमका रहे थे। दुकानदार इन लोगों की बात सुनकर इन्हें पैसे दे रहे थे, लेकिन जब एक युवक ने इन लोगों को रुपये देने से इनकार किया तो धमकाकर रुपये वसूलने वालों के तेवर ही बदल गए।
इन लोगों ने दुकान संचालित करने वाले व्यक्ति के साथ लात घुसों से मारपीट की और उसे गालियां देना शुरू कर दी। लगभग एक से डेढ़ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच विवाद होता रहा, जिसका सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में महाकाल थाना पुलिस ने रंगदारी कर रहे गुंडों की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि भारत माता मंदिर के पास राहुल पिता भगवान श्रीवास निवासी आगर रोड हार फूल की दुकान संचालित करता है। गुरुवार रात को यहां कुछ लोग रंगदारी करते हुए रुपये मांगने लगे। जब राहुल ने रुपये देने से मना किया तो यह गुंडे नाराज हो गए और उन्होंने राहुल की पिटाई कर डाली। घटना के बाद राहुल ने महाकाल थाने पहुंचकर रंगदारी कर रहे गुंडों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शुक्रवार सुबह पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी, लेकिन यह गिरफ्त में नहीं आ पाए थे।
चंद कदमों की दूरी पर है थाना...
बताया जाता है कि घटना जिस क्षेत्र में घटित हुई, वहां से थाने की दूरी महज चंद कदमों की ही है। लेकिन हफ्ता वसूली और रंगदारी करने वाले लोगों में फिर भी पुलिस का खौफ नहीं है। यही कारण है कि गुंडे ऐसे खुले बाजार में भी रंगदारी करने पहुंच गए। रंगदारी करने के दौरान इन गुंडों ने पहले दुकान संचालक के साथ मारपीट की और उसके बाद लगभग एक से डेढ़ घंटे तक उन्हें गालियां दी। इस दौरान इस मार्केट से बाबा महाकाल के दर्शन कर सैकड़ो दर्शनार्थी निकले, जो कि इन लोगों को देखकर कई तरह की बात करते नजर आए।