उज्जैन के मोहननगर में रहने वाले ट्रक ड्राइवर ने घर में एसिड पी लिया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया और रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि एक साल पहले उसके इकलौते पुत्र ने फांसी लगाकर जान दे दी थी और मृतक ट्रक ड्राइवर शराब पीने का आदी था।
चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बताया कि मोहन नगर निवासी दिलीप पिता लाखनसिंह (42) ट्रक ड्राइवर था और वह शराब पीने का आदी था। कल दोपहर में उसने अपने घर में पत्नी दीपमाला से विवाद होने के बाद एसिड पी लिया था। हालत बिगड़ने पर तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के रिश्तेदार संजयसिंह ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले दिलीप के इकलौते पुत्र शैलेन्द्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और तभी से वह तनाव में था और शराब पीने लगा था। शराब पीने के कारण आए दिन उसका पत्नी से विवाद होता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।