मध्यप्रदेश के उज्जैन में दो परिवारों में जमकर विवाद हो गया। अपनी ही जमीन पर शौचालय बनाने की बात पर पड़ोसियों ने महिला और उसके परिवार पर हमला कर दिया। एसपी को दिए आवेदन में पीड़ित परिवार की लड़की ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके और उसकी मां के कपड़े भी फाड़ दिए और जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार मामला उज्जैन जिले के बड़नगर थाने के ग्राम ओलड़ी का है। बताया गया कि यहां रहने वाली एक महिला अपने घर के बाहर शौचालय का निर्माण करवा रही थी, लेकिन इस निर्माण का पड़ोस में रहने वाले भैरूलाल पिता दयाराम ने विरोध किया और साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। हमला करने वालों में श्रवण पिता दयाराम, कमलाबाई पति दयाराम, राधाबाई पति भैरूलाल, मोनाबाई पति श्रवण में शामिल हैं। मामले को लेकर भाटपचलाना थाने में शिकायत भी की गई।
पीड़िता की बेटी ने पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस में आवेदन दिया गया है। इसमें बताया कि पड़ोस में रहने वाले पांच लोगों ने मेरी मां, भाई, बहन और मुझ पर हमला कर दिया। उन्होंने हम लोगों के साथ मारपीट की। मेरी मां की हालत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आवेदिका ने आरोप लगाया कि कुछ पुरुष आरोपियों ने मारपीट के दौरान मेरे कपड़े फाड़ने और जबरदस्ती करने का भी प्रयास किया है, जब मेरी मां बचाने पहुंची तो उसके भी कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ भी जबरदस्ती करने की कोशिश की गई। आवेदिका ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद इसकी शिकायत भाटपचलाना थाने में की गई थी, लेकिन आरोपियों के दबाव में भाटपचलाना पुलिस ने सामान्य मारपीट की धारा में अदम चैक काटा, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
निष्पक्ष कार्रवाई के लिए एसपी को की गई शिकायत
इस पूरे मामले की शिकायत एसपी सचिन शर्मा से की गई है और बताया गया है कि हम कोई झूठ नहीं बोल रहे हैं, क्योंकि इस मामले मे विवाद के दौरान का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें सभी आरोपी एकमत होकर हमारे साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। एसपी सचिन शर्मा को की गई शिकायत मे इस बात का उल्लेख किया गया है की भेरूलाल एवं श्रवण द्वारा आवेदिका की मां और उसके कपड़े फाड़ दिए गए तथा मारपीट कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया।