उज्जैन में घातक जानलेवा चायना डोर से पतंग उड़ाने वालों पर अब ड्रोन से नजर रखी जा रही है। शनिवार को पतंगबाजों के क्षेत्र में एक घंटे तक ड्रोन उड़ा, प्रतिबंधित डोर से ब्रिज पर युवक का गला कटने के बाद पुलिस और प्रशासन सख्त दिखाई दे रहा है।
बता दें कि इन दिनों चायना डोर जानलेवा बनती जा रही है। मकर संक्रांति से पहले एक दिसंबर को कलेक्टर ने चायना डोर बेचने, उपयोग करने, खरीदने और भंडारण करने पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन अब भी शहरवासी चायना का उपयोग कर रहे हैं। शुक्रवार शाम हरिफाटक ब्रिज पर जानसपुरा के रहने वाले मोइनउद्दीन का गला कट गया। एक मासूम छात्रा की जान पर बन आई थी। पतंगबाजों की ऐसी हरकतों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने अब क्षेत्रों में ड्रोन से नजर रखना शुरू कर दी है।
पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़...
शनिवार को पुलिस ने ड्रोन से चायना डोर से पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़ करने की कोशिश की। तोपखाना और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से चेकिंग की गई और पतंग उड़ाने वालों को चेतावनी दी गई कि अब भी समझ जाओ, वरना अच्छा नहीं होगा। सीएसपी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया, जिस किसी के पास भी चायना डोर मिलेगी। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान 15 जनवरी तक जारी रहेगा।
प्रशासन की टीम ने चार घंटे तक की चेकिंग...
घातक चायना डोर पर लगे प्रतिबंध के बाद अब शासन की टीम भी तलाशी अभियान में जुट गई है। एसडीएम कल्याणी पाण्डे ने पुलिस टीम के साथ मिलकर चार घंटे तक तोपखाना, मदारगेट, लाल मस्जिद चौराहा से लेकर केवल तक दुकानों की चेकिंग की। वहीं पतंग डोर कारोबारियों को हिदायत दी कि प्रतिबंधित चायना डोर का व्यापार व्यवसाय किया, जो सख्त कार्रवाई के साथ रासुका लगाई जाएगी। प्रशासन की टीम ने नईसड़क स्थित नरेन्द्र स्टोर्स के गोदाम को भी खंगाला।
मकर संक्रांति को सात दिन शेष...
मकर संक्रांति 14 और 15 जनवरी को मनाई जाएगी, जिसमें सात दिन का समय शेष बचा है और अब पतंगे भी आसमान में दिखाई देने लगी है। प्रशासन की सख्ती के बाद भी पतंगबाज चायना डोर का उपयोग कर रहे हैं, जिसको लेकर अब पुलिस लगातार नजर रखने का काम कर रही है। तोपखाना पतंग बाजार में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं गली-मोहल्लों के साथ शहर की कॉलोनियों में भी सर्चिंग की जा रही है।