फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ujjain: प्रसिद्ध गढ़कालिका मंदिर में चोरों ने लगाई सेंध, कुदाली से दान पेटी तोड़ी, बोरों में भरकर ले गए नोट

Mon, 24 Apr 2023 02:42 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन

सार

उज्जैन के प्रसिद्ध गढ़कालिका मंदिर में रविवार देर रात दो चोरों ने दानपेटी तोड़कर दान के पैसे चोरी कर लिए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की सहायता से चोरों की तलाश में लगी है।
विज्ञापन
गढ़कालिका मंदिर में चोरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उज्जैन शहर के प्राचीनतम गढ़कालिका देवी मंदिर में सोमवार को चोरी हो गई। सुबह लगभग दो बजकर 40 मिनट पर दो चोर मंदिर की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे, जहां उन्होंने कुदाली से दान पेटी को तोड़ा और बोरों में नोट भरकर भाग गए। इस दौरान गढ़कालिका माता मंदिर के चौकीदार भेरु केवट को दान पेटी तोड़ने की आवाज भी आई। इससे पहले चौकीदार शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा करता, दोनों चोर दान के पैसे लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी तुरंत जीवाजीगंज थाना पुलिस को दी गई, जिन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। जिसके बाद मंदिर के चौकीदार भेरु की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन


जीवाजीगंज थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गढ़कालिका माता मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। वहीं, मंदिर में दान पेटी टूटी होने के साथ ही कुछ रुपया बिखरा हुआ था। जीवाजीगंज थाने के एसआई अंकित बनौधा ने बताया कि मंदिर के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखने पर पता चलता है कि दो लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है, जो कि मंदिर के पीछे की दीवार से ऊपर चढ़े और दीपमालिका पकड़कर नीचे उतरे हैं, जिन्होंने दान पेटी को कुदाली से तोड़कर इसमें भरे रुपये बोरे में भरे और भाग गए। सुबह गढ़कालिका मंदिर में हुई चोरी की जानकारी लगते ही एसपी सचिन शर्मा भी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया।  

फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्कॉट भी पहुंची
दान पेटी तोड़कर की गई इस चोरी की वारदात को जल्द सुलझाया जा सके, इसलिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्कॉट भी घटनास्थल पर पहुंची, जिन्होंने काफी देर तक मंदिर में जांच की। बताया जा रहा है कि पुलिस का डॉग इस कार्रवाई के दौरान शिप्रा नदी तक पहुंच गया था। 
विज्ञापन


सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाएंगे चोर
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दान पेटी लगी थी वहां एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है। पुलिस ने इस कैमरे के फुटेज के माध्यम से यह जानकारी जुटा ली है कि इस चोरी की वारदात को दो लोगों ने अंजाम दिया था और यह दोनों लोग फुटेज में नजर भी आ रहे हैं। इस फुटेज के माध्यम से पुलिस दोनों चोरों की पहचान करने में लगी हुई है, जिससे कि उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। 

17 मार्च से बंद थी दान पेटी 
गढ़कालिका मंदिर शासकीय है और इसका संचालन भी सरकार के द्वारा ही किया जाता है। बताया जा रहा है कि यह दान पेटी 17 मार्च 2023 को खोली गई थी, जिसके बाद से इस दान पेटी में पूरी नवरात्रि की दान राशि थी।  रविवार की देर रात चोरों ने दान पेटी के आधे हिस्से को तोड़कर दो बोरे रुपयों की चोरी कर ली और इस वारदात की जानकारी ना तो पुलिस  लगी और ना ही पुजारी। दान पेटी में लाखों रुपये होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें