पूर्व विधायक धबाई के फॉर्म हाउस पर चोरी, कार, टीवी, गैस टंकी ले उड़े चोर
उज्जैन जिले के बडनगर के समीपस्थ ग्राम जलोदिया में बुधवार की रात चोरों ने पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई के फार्म हाउस को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने फार्म हाउस पर बने मकान का ताला तोड़कर गैस टंकी, एलईडी टीवी सहित एक कार चुरा ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, साथ ही एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने भी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई ग्राम जलोदिया स्थित अपने फार्म हाउस में निवास करते हैं। घटना की रात वे वहां मौजूद नहीं थे। इस बीच, चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर से एलईडी टीवी, दो गैस टंकी और बाहर खड़ी इंडिका कार लेकर फरार हो गए। सुबह जब धबाई पूजा करने के लिए अपने निवास पहुंचे, तो ताले टूटे देख वे हैरान रह गए। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि टीवी और गैस टंकी गायब थीं, और बाहर खड़ी कार भी नहीं मिली।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पाटीदार, एसआई सतेंद्र चौधरी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। इस घटना से पहले भी कुछ दिनों पूर्व इसी स्थान पर चोरों ने एक बाइक चोरी की थी, जो कि अब तक बरामद नहीं हो पाई है। चोरी गई कार को सुंदराबाद-बालोदा मार्ग पर देखा गया था। चोरों ने बड़े आराम से बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया और यहां रखे कुछ फल भी खा गए। हालांकि, चोरों की नजर खुले में रखे नगदी और पिस्टल पर नहीं पड़ी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।