डकैती की योजना बना रहे बदमाशों को उज्जैन पुलिस ने घेर लिया, लेकिन इस दौरान तीन बदमाश स्टॉप डेम में कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गए। बदमाशों ने एक दिन पहले एक युवक पर तलवार से हमला किया था। पुलिस बदमाशों को घटनास्थल की तस्दीक के लिए लेकर पहुंची, जहां बदमाश बोले, "अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।"
पुरानी रंजिश के चलते तीन बदमाश पवन चौहान, आफताब और आदिल ने एक युवक पर तलवार से हमला किया था। चिमनगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच, रात में पुलिस को सूचना मिली कि अंगारेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे कुछ बदमाश हथियार लेकर छिपे हुए हैं और बड़ी वारदात करने की फिराक में हैं।
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन छह बदमाश ब्रिज के नीचे बनी छोटी रपट से कूदकर भागने लगे। इस दौरान तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके तीन साथियों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ में पता चला कि उनका मकसद लूटपाट करना था।
घायल बदमाशों में पवन चौहान निवासी फाजलपुरा, आफताब उर्फ मोहम्मद अलीम और आदिल उर्फ मोहम्मद सलीम निवासी सम्राटनगर शामिल हैं, जिन्होंने बुधवार को तलवार से हमला किया था। उनके साथी मोइन उर्फ मोनू हुसैन निवासी बिलोटीपुरा, रेहान खान निवासी विराटनगर और मुन्ना खां निवासी विराटनगर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घायल हुए बदमाशों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से मोइन और मुन्ना को जेल भेज दिया गया, जबकि हमले में शामिल आफताब, आदिल, पवन और रेहान को रिमांड पर लिया गया। पुलिस चारों को उसी क्षेत्र में लेकर पहुंची, जहां उन्होंने हमला किया था।
घायल बदमाश लंगड़ाते हुए चल रहे थे और कह रहे थे, "अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।" बदमाशों को देखकर क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कहा कि पुलिस बदमाशों के साथ सही सलूक कर रही है। डकैती की योजना बनाते वक्त पुलिस ने बदमाशों से पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू, तलवार, एयरगन और बक्का बरामद किया था।