पुलिस की गिरफ्त में मनचला और साथ में राहगीर
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के उज्जैन में सोमवार की रात देवास रोड पर कुछ मनचले ऑटो में बैठकर आसपास से निकल रही महिलाओं और युवतियों को बैड टच कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई और मनचलों को ऑटो का पीछा कर रोका। ऑटो के रुकते ही मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए थे। उन्होंने पहले इन मनचलों की पिटाई की। फिर थाने ले जाकर शिकायत भी दर्ज करवाई।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि सोमवार रात को देवास रोड आईजी बंगले के पास से कुछ मनचले बदमाश ऑटो में बैठकर दोपहिया वाहन से गुजर रही महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। बदमाश महिलाओं को बैड टच कर रहे थे। उसके बाद राहगीर लोगों ने युवकों के ऑटो का पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। फिर उसकी जमकर पिटाई कर डाली। इस दौरान बाकी दो बदमाश ऑटो में से भाग गए। राहगीरों ने एक बदमाश को पकड़ा और उसे माधवनगर थाने लेकर पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी के बाद माधवनगर पुलिस भी सकते में आ गई। इसके बाद भागे बदमाशों को पकड़ने के लिए देवास रोड पर हंड्रेड डायल दौड़ने लगी। लेकिन अन्य बदमाश हाथ नहीं लगे।
वॉकिंग जोन है देवास रोड क्षेत्र
देवास में जहां यह घटना हुई है, वह वाकिंग जोन है। जहां पर पूरे शहर के लोग प्रतिदिन टहलने के लिए पहुंचते हैं। यहां टहलने वाले लोग कभी कोठी रोड पर तेज गति से बाइक दौड़ाने वाले लोगों से परेशान रहते हैं। कभी मनचलों की हरकतों से। लेकिन ज्यादातर लोग किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं करते।
विक्रम कीर्ति मंदिर, विक्रम वाटिका, मयूर पार्क सहित अपना स्वीट चौपाटी पर ऐसे मनचलों का जमावड़ा जमा रहता है। जो अपनी गलत नजरों से महिलाओं का घूमना-फिरना दुश्वार कर देते हैं। इस मामले में पुलिस ने अम्मान निवासी कमरी मार्ग की शिकायत पर शास्त्री नगर क्षेत्र के रहने वाले सुभाष यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।