सोशल मीडिया पर रील बनाकर फेमस होने और पैसा कमाने के लिए लोग अजीबोगरीब हरकतें करने लगे हैं। ऐसा ही एक बेवकूफी भरा मामला मंगलवार रात 12 बजे पुलिस के सामने आया। जिसमें एक पिता ने अपने 7-8 साल के बेटे की जान को खतरे में डाल दिया। पुलिस ने पिता को फटकार भी लगाई और फाइन लगाकर आर्थिक दंड भी दिया।
घटना मंगलवार रात 12 बजे की बताई जा रही है। चिमनगंज मंडी थाने में पदस्थ आरक्षक सर्वेश मालवीया रात को अपनी ड्यूटी कर पुलिस लाइन स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चामुंडा माता मंदिर पर उन्हें एक कार क्रमांक एमपी 09 सी डब्ल्यू 9909 के बाहर गेट पर खड़ा एक 7–8 साल का बच्चा दिखा, कार चल रही थी। आरक्षक ने कार रोकने के लिए आवाज़ लगाई तो कार चालक ने स्पीड तेज कर कार आगे बढ़ा ली और फ्रीगंज की तरफ भागने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चा कार के बाहर गेट पर ही खड़ा रहा। आरक्षक सर्वेश ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। वायरलेस सेट पर प्वाइंट चल गया। आरक्षक सर्वेश अपनी बाइक से कार का पीछा करने लगे।
यह भी पढ़ें-
जनपद कार्यालय में चोरी या साजिश? सांसद, विधायक निधि और गरीबी रेखा से जुड़ी फाइलें गायब, मचा हड़कंप
इधर, पुलिस एक्टिव हो गई और देवास रोड पर तैनात महिला थाना प्रभारी मीना सोलंकी ने पुलिस बल के साथ आईजी बंगले के पास कार को रोक लिया। कार चालक को बाहर निकाला और इस बेतुकी हरकत के लिए फटकार लगाई। पूछताछ करने पर कार चालक ने अपना नाम दीपक पमनानी निवासी ऋषिनगर बताया। दीपक ने बताया कि कार के बाहर लटक रहा बच्चा उनका बेटा है और वो मस्ती करते सोशल मीडिया पर डालने के लिए रील बना रहे थे। पुलिस ने पिता को जोरदार फटकार लगाई। बच्चे के साथ में होने पर उन्हें उस वक्त तो छोड़ दिया गया, लेकिन सुबह थाने पर आकर मिलने के लिए कहा। टीआई राकेश भारती ने बताया कि कार जब्त नहीं की गई, कार चालक पर फाइन किया है। समझाइश भी दी गई। दीपक पमनानी ने पुलिस से कहा कि उसने कार के अंदर से बच्चे को पकड़ कर रखा था।