लोकायुक्त उज्जैन ने आज रतलाम में जावरा के कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त डीएसपी ने बताया की कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा उचित मूल्य की दुकान के पुनः आवंटन करने को लेकर 15 हजार रुपए की मांग की गई थी जिस पर पहली किश्त लेते हुए उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
रतलाम जिले के जावरा में बुधवार सुबह 10:30 बजे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रेम कुमार अहिरवार के शासकीय आवास पर दस्तक दी और उन्हें चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त डीएसपी राजेश पाठक ने बताया की शिकायतकर्ता देवी सिंह गुर्जर निवासी अरनिया गुर्जर थाना पिपलोदा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा को शिकायत की थी। बताया गया था कि भोलेनाथ स्व-सहायता समूह को आवंटित उचित मूल्य की दुकान किसी कारणवश निलंबित कर दी गई थी। उक्त उचित मूल्य की दुकान पर मेरी पत्नी पार्वती देवी समूह की सचिव एवं विक्रेता है। उचित मूल्य की दुकान की बहाली के लिए कनिष्ठ खाद आपूर्ति अधिकारी जावरा प्रेम कुमार अहिरवार ने 15 हजार की रिश्वत मांगी है। शिकायत सही मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम ने बुधवार को ट्रेप का प्लान कर प्रेम कुमार अहिरवार को चार हजार रुपये रिश्वत पहली किश्त लेते हुए उनके जावरा स्थित शासकीय आवास पर रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त कार्यवाही में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक सेजवार, अनिल अटोलिया प्रधान आरक्षक हितेश, आरक्षक उमेश जाटव,आरक्षक मोहम्मद इसरार,आरक्षक श्याम शर्मा शामिल थे।