उज्जैन मे ट्रैफिक सिग्नल पर रूके लोगों को सुनाई दे रहा है कर्णप्रिय संगीत
- फोटो : सोशल मीडिया
अब तक आप ट्रैफिक सिग्नल पर रूकते थे तो पुलिस की सीटी सुनते थे या वाहनों का शोर, मगर अब संगीत सुनाई देगा। जी हां, मध्यप्रदेश के उज्जैन में यह शुरुआत की गई है जहां सिग्नल पर गाड़ी रूकते ही संगीत की धुनें सुनकर मन प्रफुल्लित होगा। गानों के बजाय इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक सुनाई देगा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत उज्जैन में कई तरह के नवाचार किए जा रहे हैं। सजाने-संवारने के साथ लोगों के दिलों-दिमाग का भी ध्यान रखा जा रहा है। खासकर जब लोगों को कहीं आने-जाने की जल्दी हो या मन तनावग्रस्त हो तो उनके मन को रिलैक्स करने की थीम पर भी काम किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत ट्रैफिक सिग्नल से हुई है। दरअसल, आमतौर पर ट्रैफिक सिग्नल पर पहुंचते ही लोगों का मन भारी हो जाता है। रेड लाइट होते ही कुछ सेकंड्स भी खड़े रहना बोझिल लगता है मगर अब ये रेड लाइट भी मन को सुहा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि सिग्नल पर पहुंचते ही वाहन चालकों को संगीत की मधुर ध्वनियां सुनाई दे रही हैं जिससे मन हल्का हो रहा है।
संगीत की धुनें सुनकर गुनगुना रहे गीत
शहरवासियों का तनाव दूर करने के लिए यह पहल की गई है। स्मार्ट सिटी प्रशासन ने ट्रैफिक सिग्नल पर मधुर संगीत बजाना शुरू किया है। एक दिन पहले तक कमांड सेंटर से ट्रैफिक सिग्नल पर लगे स्पीकर से वाहन चालकों को हिदायत वाले निर्देश दिए जा रहे थे। जेब्रा लाइन से पीछे खड़े रहो, सिग्नल मत तोड़ों, धीरे चलो जैसे निर्देश इतनी बार दिए जाते थे कि लोगों को रटा गए थे और सिग्नल पर पहुंचते हैं ये आवाज उनके कानों में गूंजने लगती थी। इससे मन बोझिल लगता था और लोग तनाव महसूस करते थे। मगर अब इन निर्देशों की जगह मधुर संगीत बज रहा है जो कानों को भी अच्छा लग रहा है और मन को भी कुछ पलों के लिए रिलैक्स कर रहा है। पुराने गीतों की धुनें लोगों के कानों में पड़ते ही उनकी जुबां गीत गुनगुनाने लगती है और रेड लाइट कब ग्रीन में बदल जाती है पता ही नहीं चल पाता। कभी प्यार के नगमों की धुन बजती है तो कभी भूले-बिसरे गीतों की धुनें अतीत को वर्तमान में ले आती है। लोगों को ये पहल अच्छी लग रही है।
माहौल ठीक रखने के लिए की पहल
नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने बताया कि शहर के 16 चौराहों पर जहां सिग्नल लगे हैं वहां मधुर संगीत बजाने का काम शुरू किया है। पहले इन सिग्नलों पर यातायात के निर्देश, कोविड संबंधी निर्देश और प्रशासनिक योजनाओं की जानकारी दी जाती थी, लेकिन स्मार्ट सिटी योजना के तहत अब संगीत बजाने का काम शुरू किया है। लोगों को तनाव से दूर रखने के लिए यह पहल की गई है। आईटीएनएस सिस्टम के तहत यह किया गया है। जब ट्रैफिक कम रहता है खासकर रात के समय तब लाइट इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक बजाते हैं ताकि माहौल ठीक रहे। स्मार्ट सिटी की टीम के आइडिया के आधार पर यह पहल की है। लोगों का फीडबैक पर इस पर कैसा रहता है उसके आधार पर इसे कंटिन्यू किया जाएगा।