वीडियो में जींस और सूट के ऊपर साड़ी लपेटती नजर आ रही है महिला
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में अव्यवस्था के कई मामले सामने आने के बावजूद व्यवस्थाएं सुधर नहीं पा रही हैं। मंदिर की परंपराओं तक का पालन नहीं किया जा रहा है। एक वीडियो सामने के बाद इसका खुलासा हुआ है। वीडियो में एक महिला सूट पर ही साड़ी लपेटती नजर आ रही है। हालांकि वीडियो कब का है इसकी जानकारी नहीं मिली है। वीडियो के सामने आने के बाद जांच और कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बता दें कि महाकालेश्वर के गर्भगृह में प्रवेश करने के लिए परंपरानुसार नियम बने हैं। इसके लिए ड्रेस कोड तय है। गर्भगृह में जाने के लिए महिला को साड़ी और पुरुषों को धोती, सोला पहनना अनिवार्य होता है। ये नियम बरसों पुराने है।
वर्तमान में मंगलवार से शुक्रवार तक भीड़ कम होने की स्थिति में दोपहर एक बजे से चार बजे तक आम श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश मिलता है। इस दौरान श्रद्धालु के लिए ड्रेस कोड नहीं है। लेकिन शनिवार ,रविवार और सोमवार को भीड़ अधिक होने की वजह से गर्भगृह में 1500 रुपए की रसीद से ही श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलता है। इस दौरान महिला श्रद्धालु साड़ी और पुरुष धोती और सोला पहनकर मंदिर में प्रवेश कर सकते हैं।
कलेक्टर ने कही जांच की बात
पिछले दिनों हुई घटना का वीडियो सामने आने के बाद से सवाल उठे हैं। इस वीडियो में महिला ने जींस और सूट पहन रखा है और गर्भगृह में जाने के लिए जींस और सूट के ऊपर ही साड़ी लपेट ली। आरोप यह भी लग रहे हैं कि जो वीडियो वायरल हुआ उसमे किसी पंडित या पुरोहित ने अपने यजमान को साड़ी ऊपर से लपेट कर दर्शन करवाए हैं। इस मामले में कलेक्टर ने जांच की बात कही है। हालांकि ये वीडियो कब का है और किसने बनाया इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा है कि मंदिर की परम्परा और विधि विधान का सभी को पालन करना चाहिए अगर किसी ने परम्परा तोड़ी है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।