उज्जैन जेल में बंद कैदी की मौत
- फोटो : amar ujala
उज्जैन की भैरवगढ़ जेल में बंद एक कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वह धार जिले का रहने वाला था और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
भैरवगढ़ जेल प्रशासन के अनुसार अचानक तबीयत बिगड़ने पर कैदी जसवंत पिता सेवसिंह को अस्पताल ले जाया गया था। परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों ने बताया कि धार जिले का रहने वाला जसवंत हत्या के मामले में जेल में बंद था। चार साल पहले उसे यहां लाया गया था।
मंगलवार सुबह एकाएक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके उज्जैन पहुंचने पर ही शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
जेल प्रहरी अस्पताल लेकर गए थे
भैरवगढ़ केंद्रीय जेल की अधीक्षक उषा राज ने बताया कि बंदी जसवंतसिंह पिता सेवसिंह निवासी सुलावड़, थाना पीथमपुर जिला धार आजीवन कारावास के तहत सजायाफ्ता था। आज उसका अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर उसे जेल प्रहरी जेल वाहन से प्रात: 7.58 बजे जिला चिकित्सालय ले गए थे। एम्बुलेंस चालक प्रहरी शैलेंद्र सिकरवार ने जेल के गेटकीपर भोजराज रावत को बताया कि आज प्रात: लगभग 8.35 बजे कैदी जसवंतसिंह की उज्जैन जिला चिकित्सालय में मौत हो गई है।